सात दिन तक संस्कृति, खेल और मनोरंजन का संगम बना गौचर मेला, अगले साल फिर मिलने के वादे के साथ विदाई

गौचर।
अलविदा गौचर मेला अगले साल फिर मिलेंगे की भावनाओं व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण के साथ सात दिवसीय गौचर औधोगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का समापन हो गया है।
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर से शुरू हुए गौचर मेले में जहां तमाम विभागों ने स्टालों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेलकूद से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया गया। मेला अधिकारी उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल के नेतृत्व में आयोजित हुए मेले में सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले महिला पुरूषों को सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर फुटबॉल व बाली वाल के विजेता व उपविजेता को टीम को सम्मानित किया गया। फुटबॉल की विजेता टीम को 61 हजार की नगद राशि व ट्राफी तथा उप विजेता टीम को 51 हजार की नगद धनराशि तथा ट्राफी दी गई। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बद्रीनाथ के विधायक लखपत बुटोला ने मेले का सफल संचालन के लिए मेलाधिकारी उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल के साथ ही उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी संस्कृति के द्योतक हैं। इनका संरक्षण हम सबका दायित्व है। उन्होंने नाम लिए बगैर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि गौचर मेला किसी राजनीतिक पार्टी की जागीर नहीं है। उन्होंने मेला मंच पर मेले के संस्थापकों व भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की चित्रों की जगह राजनीतिक पार्टी के बैनर पोस्टर लगाए जाने पर घोर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा 2027 में कांग्रेस की सरकार आई तो इस परंपरा को समाप्त करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों व बंदरों ने पहाड़ की आजीविका को तहस नहस कर दिया है। और प्रदेश में बैठी गूंगी बैरी सरकार किसी की सुनने को तैयार नहीं है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने भी मेलाधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि गौचर मेला आयोजित करना आसान नहीं है बाबजूद इसके मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने उनका यह पहला मेला होने के बाद भी मेले का सफल आयोजन किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगली बार जब हम 75 वां मेला आयोजन की तैयारी कर रहे होंगे इसके लिए दो माह पूर्व जनता की राय लेकर आगे बढ़ा जाएगा। पालिका अध्यक्ष मेला उपाध्यक्ष संदीप नेगी नेगी ने भी मेलाधिकारी उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल को बधाई देते हुए मुकेश नेगी के सुझाव का समर्थन किया। संचालन हर्षवर्धन थपलियाल व अर्जुन नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, पूर्व ब्लाक प्रमुख कमल सिंह रावत, सेवा निवृत्त वन विकास निगम के सुरेन्द्र सिंह नेगी, शिवलाल भारती, मंजू खत्री, उपासना बिष्ट,अंजू राणा, अनिता चौहान,मदन लाल टम्टा आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।