गौचर। राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के छठवें दिन महिला सशक्तिकरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में जनपद चमोली के दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं उनके योगदान को याद करते हुए महिलाओं से उनके पदचिह्नों पर चलकर सामाजिक, राजनीतिक और देशहित के कार्यों में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया।

नंदप्रयाग नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष हिमानी वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं में बढ़ती जागरूकता और आत्मनिर्भरता समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।

इस अवसर पर दूरस्थ ग्राम पंचायत वाण की प्रधान नंदुली बिष्ट को सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए प्रकाश ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुमन ध्यानी के नेतृत्व में आयोजित समारोह में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, नगर मंडल अध्यक्ष सरोजिनी भंडारी, काजल भंडारी, इंदु पंवार, मंजू खत्री, शिवदेवी नेगी, रजनी नेगी सहित अनेक महिलाओं ने विचार व्यक्त किए।
