गौचर मेले में पत्रकारों ने उठाए जनहित के मुद्दे, गैरहाजिर अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

गौचर मेले के पत्रकार सम्मेलन में उठा जनसमस्याओं का मुद्दा, विभागीय अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर पत्रकारों ने जताई नाराजगी।

गौचर, चमोली। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के दौरान आयोजित पत्रकार सम्मेलन में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विभागीय व्यवस्थाओं से जुड़े सवाल प्रमुखता से उठे। पत्रकारों ने स्वास्थ्य, सफाई, सिंचाई, पशुपालन और आबकारी विभाग से संबंधित समस्याओं पर अधिकारियों से जवाब मांगे। वहीं, कई विभागों के अधिकारियों के सम्मेलन में उपस्थित नहीं होने पर पत्रकारों ने कड़ी नाराजगी जताई।

पत्रकार सम्मेलन में उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने कहा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए सवालों और समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समाज का दर्पण माना जाता है। जो अधिकारी सम्मेलन में उपस्थित नहीं हो पाए, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही अनुपस्थित विभागों से संबंधित सवालों के जवाब भी पत्रकारों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

सम्मेलन में पत्रकार लक्ष्मी कुमेड़ी ने सिमली महिला बेस चिकित्सालय से संबंधित शासनादेश का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि महिला बेस चिकित्सालय को बेस चिकित्सालय में परिवर्तित करने का शासनादेश जारी हो चुका है। इसके साथ ही चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।

पत्रकार दिग्पाल गुसाईं ने गौचर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का सवाल उठाया। जवाब में बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर को पीसीएस टाइप में उच्चीकृत करने का शासनादेश जारी हो चुका है।

पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने ग्रामीण क्षेत्रों में लड़खड़ाती सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर सफाई अभियान चलाया जाता है। वहीं, पत्रकार जगदीश पोखरियाल ने जिला पंचायत के नए वाहन का मामला उठाया। अपर मुख्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वाहन में तकनीकी खराबी के चलते उसका संचालन नहीं हो पा रहा है।

पत्रकार दिग्पाल गुसाईं ने गौचर पशु चिकित्सालय के जर्जर भवन का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि भवन के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। आवारा पशुओं के संरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी नगर निकायों की है।

वहीं, शराब की दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने (ओवररेटिंग) का मामला सभी पत्रकारों ने प्रमुखता से उठाया। इस पर आबकारी निरीक्षक स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल जवाब देती नजर आईं। इससे नाराज पत्रकारों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सम्मेलन में हंगामा किया और इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा लघु डाल विभाग की लिफ्ट सिंचाई योजना से संबंधित सवालों का जवाब देने के लिए संबंधित अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर भी पत्रकारों ने नाराजगी जताई। इस पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने कहा कि संबंधित सवालों के जवाब शीघ्र ही लिखित रूप में उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

पत्रकार सम्मेलन में उठे सवालों के बाद अब संबंधित विभागों की कार्रवाई और समस्याओं के समाधान पर सभी की निगाहें टिकी हैं।