गौचर मेले के मंच से विधायक लखपत बुटोला ने उठाए जनसरोकारों के मुद्दे, किसानों की पीड़ा और ऐतिहासिक विरासत पर जताई चिंता

गौचर मेले के मंच से स्थानीय स्वरोजगार, किसानों की पीड़ा और ऐतिहासिक विरासत पर बोले विधायक लखपत बुटोला।

मेले के राजनीतिकरण पर जताई नाराजगी, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, जंगली जानवरों से निजात और ऐतिहासिक पहचान बहाल करने पर दिया जोर।

गौचर। बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने गौचर मेले के मंच से स्थानीय स्वरोजगार, पारंपरिक हस्तशिल्प, खेती-किसानी, जंगली जानवरों से बढ़ते नुकसान, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने तथा मेले की ऐतिहासिक पहचान बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय लोगों, कारीगरों, किसानों और छोटे व्यवसायियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के पास आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण मेलों में दुकान लगाने और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के पर्याप्त अवसर नहीं होते। प्रशासन को ऐसे लोगों के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और स्वरोजगार से जुड़े व्यवसायों को बढ़ावा मिल सके।

विधायक ने जंगली जानवरों से खेती और पशुपालन को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा कि पहाड़ का किसान आज अपनी खेती से विमुख होता जा रहा है। जंगली जानवरों के आतंक से खेती, दुग्ध व्यवसाय और पशुपालन प्रभावित हो रहे हैं। यह पहाड़ की आर्थिक उन्नति से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष भी कई बार आवाज उठाई गई है और प्रशासन को इसके समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास करने होंगे।

उन्होंने गौचर मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों और स्थानीय कलाकारों को मिलने वाले मंच की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए केवल आयोजन के दौरान ही नहीं, बल्कि पहले से योजनाबद्ध तरीके से संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

मेले के ऐतिहासिक स्वरूप और राजनीतिकरण पर टिप्पणी करते हुए बुटोला ने कहा कि जिस ऐतिहासिक व्यक्तित्व और परंपरा के नाम पर मेले की शुरुआत हुई, आज उनकी पहचान और स्मृतियां उपेक्षित होती दिखाई दे रही हैं। मेले के मंचों पर राजनीतिक प्रभाव बढ़ने के बजाय इसकी पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती हैं, लेकिन इतिहास को मिटाया नहीं जा सकता।

उन्होंने मेले के आयोजन के लिए प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में मेलों को केवल व्यापार और आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि शोध, नवाचार, आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रचनात्मक सोच को भी मंच मिलना चाहिए। पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक ज्ञान का समन्वय ही नई पीढ़ी को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर सकता है।

शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नई सोच विकसित करना जरूरी है। समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सकारात्मक विचारों और दूरदर्शी कार्यों को प्राथमिकता देनी होगी।

विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के नाम से आयोजित मेलों की परंपरा, पहचान और गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने मेले में पहुंचे लोगों, प्रशासन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया।