गौचर में दिव्यांगजनों को मिली नई उम्मीद, सहायता शिविर में बांटे गए कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

दिव्यांगजनों को मिली नई उम्मीद

 

चमोली जनपद के पीएम श्री राजकीय इन्टरमीडीएट कालेज गौचर में 26वें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए तीन दिवसीय विशेष वृहद राज्यस्तरीय सहायता शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, शाखा बाड़मेर राजस्थान के सहयोग एवं जिला प्रशासन चमोली के सौजन्य से प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, कान की मशीन,बैसाखी, सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए जयपुर फुट एवं अन्य कृत्रिम अंग भी तैयार किए गए।

शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सामान्य जीवन जीने में मदद करना है। शिविर में चमोली के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। इस दौरान जिला समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण विभाग तथा उद्यान विभाग की ओर से भी स्टॉल लगाकर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी एवं सहायता प्रदान की गई।

धनंजय लिंगवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी, चमोली

भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति बाड़मेर राजस्थान के यूपी एवं उत्तराखंड कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर भंसाली ने बताया कि जयपुर फुट संस्था पिछले तीन दशकों से अधिक समय से दिव्यांगजनों की सेवा में जुटी है। संस्था राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करा रही है।

चंद्रशेखर भंसाली, कोऑर्डिनेटर, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति

शिविर में सहायता प्राप्त करने पहुंचे दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। व्हीलचेयर, कान की मशीन और कृत्रिम अंग मिलने से उन्हें अपने दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। दिव्यांगजन गणेश लाल और मोहन सिंह ने इस पहल के लिए भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिला समाज कल्याण विभाग चमोली का आभार व्यक्त किया।