Free Self-Employment Training Opportunity for Women and Youth in Chamoli
महिलाओं एवं युवाओं के लिए निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर।
आरसेटी गोपेश्वर में पर्यटन, कार ड्राइविंग, सीसीटीवी, बांस शिल्प, फास्ट फूड सहित विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में होगा प्रशिक्षण।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), गोपेश्वर द्वारा जनपद के बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न निःशुल्क रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल, उद्यमिता विकास तथा स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्थान के निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि आरसेटी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार के लिए सक्षम करना है। संस्थान द्वारा समय-समय पर स्थानीय आवश्यकताओं एवं बाजार की मांग के अनुरूप सिलाई, ब्यूटी पार्लर, फास्ट फूड, मशरूम उत्पादन, डेयरी, खेल सामग्री निर्माण, घरेलू विद्युत उपकरण मरम्मत, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन एवं सर्विसिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण संचालित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए बीपीएल परिवारों के सदस्य, मनरेगा जॉब कार्डधारक, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्य एवं उनके परिवारजन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा तथा प्रशिक्षण अवधि में आवश्यक मार्गदर्शन एवं उद्यमिता विकास संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
इस क्रम में 10 दिवसीय ट्रैवल एवं टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को पर्यटन एवं आतिथ्य की मूलभूत जानकारी, भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं विरासत, प्रमुख पर्यटन स्थलों का परिचय, पर्यटकों से व्यवहार, संचार कौशल तथा सफल टूर गाइड बनने की आवश्यक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के न्यूनतम आठवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त 14 दिवसीय बांस शिल्प निर्माण उद्यमी प्रशिक्षण में बांस की पहचान, चयन, संरक्षण, टोकरी, टेबल, कुर्सी सहित विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों के निर्माण, उत्पादों की पैकेजिंग, विपणन तथा उद्यमिता विकास का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
आरसेटी द्वारा 31 दिवसीय कार ड्राइविंग प्रशिक्षण, 14 दिवसीय सीसीटीवी इंस्टॉलेशन एवं सर्विसिंग प्रशिक्षण, 12 दिवसीय फास्ट फूड उद्यमी प्रशिक्षण, 13 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग एवं सेलिंग प्रशिक्षण सहित अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से प्रतिभागियों को संबंधित क्षेत्रों का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
संस्थान के निदेशक ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं तथा निर्धारित पात्रता के अनुसार समय पर आवेदन कर अपने भविष्य को नई दिशा दें।
