चमोली डाक मंडल में पांचवां उपमंडल शुरू, गुप्तकाशी में होगा केदारनाथ डाक उपमंडल का मुख्यालय

चमोली में केदारनाथ डाक उपमंडल का संचालन शुरू, गुप्तकाशी में होगा मुख्यालय।

सहायक अधीक्षक बलवंत सिंह ने किया नए डाक उपमंडल का उद्घाटन, डाक सेवाओं को मिलेगी मजबूती।

गोपेश्वर। भारतीय डाक विभाग ने डाक सेवाओं को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। चमोली डाक मंडल के अंतर्गत केदारनाथ डाक उपमंडल का संचालन शुरू कर दिया गया है। सोमवार को डाक अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन में सहायक अधीक्षक (मुख्यालय) बलवंत सिंह ने नए डाक उपमंडल का विधिवत उद्घाटन किया।

नए डाक उपमंडल का मुख्यालय गुप्तकाशी में स्थापित किया गया है। इसके गठन से डाक विभाग की प्रशासनिक एवं परिचालन व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक डाक विभाग की सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व चमोली डाक मंडल के अंतर्गत गोपेश्वर, कर्णप्रयाग पूर्वी, कर्णप्रयाग पश्चिमी और रुद्रप्रयाग सहित चार डाक उपमंडल संचालित हो रहे थे। अब केदारनाथ डाक उपमंडल के संचालन से मंडल में उपमंडलों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

नए उपमंडल के गठन से डाकघरों के कार्यों की बेहतर निगरानी, डाक सेवाओं के सुचारु संचालन तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं और अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी।

डाक विभाग की इस पहल को पर्वतीय क्षेत्रों में डाक सेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।