एकीकृत खेती से बढ़ी आय, सत्येश्वरी देवी को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

 

इंटीग्रेटेड फार्मिंग से बढ़ी आत्मनिर्भरता, मुख्यमंत्री ने सत्येश्वरी देवी को किया सम्मानित।

इंटीग्रेटेड फार्मिंग के सफल उद्यम से ग्रामीण महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा।

विकासखंड दशोली के देवर खडोरा क्षेत्र स्थित हरियाली स्वायत्त सहकारिता से जुड़ी ग्राम पंचायत डुग्री (स्याना) निवासी एवं जय भैरवनाथ स्वयं सहायता समूह की सदस्य सत्येश्वरी देवी को उनके सफल इंटीग्रेटेड फार्मिंग (एकीकृत कृषि) उद्यम के लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहिना योजना के अंतर्गत देहरादून में माननीय मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया।

सत्येश्वरी देवी ने कृषि एवं उससे जुड़ी विभिन्न आजीविका गतिविधियों को एकीकृत करते हुए सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग किया और अपनी आय बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की। उनके इस प्रयास को रीप ग्रामोत्थान परियोजना, चमोली द्वारा प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।

सत्येश्वरी देवी की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन, हरियाली स्वायत्त सहकारिता और रीप ग्रामोत्थान परियोजना के सामूहिक प्रयासों का भी परिणाम है। उनके उद्यम ने यह साबित किया है कि स्थानीय संसाधनों, आधुनिक कृषि तकनीकों और उचित मार्गदर्शन के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री सशक्त बहिना योजना के तहत मिला यह सम्मान सत्येश्वरी देवी के प्रयासों को नई पहचान देने के साथ ही क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित कर रहा है।