नंदानगर के रामणी गांव में किशोर-किशोरी की संदिग्ध मौत, मेला मैदान में फंदे से लटके मिले शव

Teenage girl found dead in Nandanagar’s Ramani village

 

चमोली: विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में एक किशोरी और किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं. घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है. वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस-प्रशासन को दे दी है. सूचना के पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है. जिसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल तेज कर दी है.

विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव फंदे से लटके मिले. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई. बताया जा रहा है कि मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 का छात्र और कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं. सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव लटके होने की जानकारी मिली, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

एसआई थाना नंदानगर मनोज भट्ट के मुताबिक

प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या व प्रेमप्रसंग का लग रहा है. बताया कि किशोर की उम्र 17 वर्ष व किशोरी की उम्र लगभग 16 वर्ष हैं. दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. वहीं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
-मनोज भट्ट, एसआई, थाना नंदानगर

ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मामले कि सूचना नंदानगर पुलिस को दे दी गई है. पुलिस के मौके पर पहुंच चुकी है और पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. बता दें कि विगत कुछ दिन पूर्व परिजनों से नाराज होकर एक छात्रा व उसके कुछ दिन बाद ही परिजनों से कहासुनी के बाद एक युवक द्वारा चमोली पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी गई थी, जिनका अब तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है. जिनकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.