Questions raised against BKTC following theft at Badrinath; Sangharsh Samiti threatens agitation.
चमोली/बद्रीनाथ: बद्रीनाथ मंदिर में सामने आए चोरी के प्रकरण के बाद अब स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ती जा रही है। बद्रीस संयुक्त संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी अब तक बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का कोई भी वरिष्ठ पदाधिकारी बद्रीनाथ धाम नहीं पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
शनिवार को बद्रीनाथ धाम में बद्रीस संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, चोरी प्रकरण और बीकेटीसी की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की गई। समिति ने निर्णय लिया कि बीकेटीसी चार दिनों के भीतर बद्रीनाथ धाम पहुंचकर संघर्ष समिति के साथ बैठक करे और पूरे मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करे।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित चार दिनों के भीतर बीकेटीसी के पदाधिकारी बैठक नहीं करते हैं, तो बद्रीनाथ धाम में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघर्ष समिति का कहना है कि आस्था से जुड़े इस गंभीर मामले में मंदिर समिति की चुप्पी उचित नहीं है और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों के सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
