Aditya, a student of Virsan High School, selected at the national level, enhanced prestige with the ‘Smart Kanni’ model.
हाई स्कूल विरसण के छात्र आदित्य का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन
जनपद चमोली के पोखरी ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विरसण के छात्र आदित्य ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। आदित्य का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
देहरादून के माण्डूवाला स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता 2025-26 में कक्षा 10 के छात्र आदित्य ने अपने नवाचारी मॉडल से निर्णायकों को प्रभावित किया।
आदित्य द्वारा तैयार किया गया मॉडल सीमेंट कार्य करने वाले मिस्त्रियों के लिए एक विशेष ‘कन्नी’ (मजिला) है, जिसे बटन के माध्यम से चौड़ा और संकरा किया जा सकता है। यह उपकरण संकरी जगहों पर काम को आसान बनाने के साथ-साथ समय, श्रम और संसाधनों की बचत करने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अभिनव विचार की प्रेरणा आदित्य को अपने पिता से मिली, जो पेशे से मिस्त्री हैं। कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए आदित्य ने इस समस्या का समाधान खोजने का प्रयास किया और यह उपयोगी मॉडल तैयार किया।
इस प्रोजेक्ट को साकार करने में विद्यालय के शिक्षक संदीप नेगी का विशेष मार्गदर्शन रहा। उन्होंने कहा कि यह आइडिया न केवल नवाचारी है, बल्कि भविष्य में समाज के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
प्रतिक्रिया:
आदित्य की इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मटुड़ा, उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट, जनपद विज्ञान समन्वयक गंभीर असवाल, ब्लॉक विज्ञान समन्वयक संदीप नेगी, विद्यालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र रावत, एसएमसी अध्यक्ष जयदीप बुटोला, ग्राम प्रधान शंकर नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य ईश्वर नेगी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने आदित्य को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
