गोपेश्वर में शिक्षा को बढ़ावा: जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग

Education to be promoted in Gopeshwar: Free competitive exam coaching to needy meritorious students

जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की पहल: मेधावी अनाथ एवं एकल अभिभावक के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग


गोपेश्वर, चमोली। जनपद मुख्यालय गोपेश्वर में रुद्रेश कोचिंग संस्थान के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों में बाधा नहीं बनना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने घोषणा करते हुए बताया कि मेधावी अनाथ विद्यार्थियों एवं एकल माता या पिता की संतानों को रुद्रेश कोचिंग संस्थान में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब पहाड़ के विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। रुद्रेश कोचिंग संस्थान में आधुनिक अध्ययन वातावरण और अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से युवाओं को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।


उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह पहल शिक्षा के माध्यम से सामाजिक समानता और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास सिद्ध होगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जिला पंचायत अध्यक्ष की इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे जनपद के मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं दूरदर्शी पहल बताया।