ग्राम पंचायतों में आयोजित हुआ ‘रिफॉर्म उत्सव एवं जन योजना अभियान’।
डिजिटल भू-अभिलेख एवं ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को किया जागरूक।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर भारत सरकार के ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान के अंतर्गत जनपद चमोली की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ‘रिफॉर्म उत्सव एवं जन योजना अभियान (Reform Utsav and People’s Plan Campaign)’ का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसामान्य तक सरकारी योजनाओं एवं सार्वजनिक सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाने तथा डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में डिजिटल भूमि अभिलेखों की सुगम उपलब्धता के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। राजस्व विभाग द्वारा भू-अभिलेखों से संबंधित आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं एवं विभागीय वेब एप्लीकेशनों के बारे में विस्तार से बताया गया। ग्रामीणों को ई-भूलेख पोर्टल के माध्यम से खतौनी की प्रमाणित प्रति घर बैठे ऑनलाइन प्राप्त करने, भू-अभिलेखों में विरासत दर्ज कराने की ऑनलाइन सुविधा, भू-नक्शा, भू-कय, भू-उपयोग परिवर्तन तथा ई-एग्रीलोन आदि सेवाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि डिजिटल माध्यम से उपलब्ध इन सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब संबंधित कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है तथा कई सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे प्राप्त की जा सकती हैं। ग्रामीणों को अधिक से अधिक डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड नारायणबगड़ की ग्राम पंचायत नलगांव, कर्णप्रयाग की सिमली एवं खाल-बजेठा, पोखरी की सेमी एवं म्यौली, देवाल की ब्लाण तथा नंदानगर की सैंती सहित अन्य ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, सार्वजनिक सेवाओं तथा डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में भारत सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा तैयार लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही संयुक्त रूप से जारी पृष्ठीय नोट को स्थानीय भाषा में पढ़कर सुनाया गया, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरलता से समझाया जा सके।
अभियान के दौरान राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं से संबंधित लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया। इनमें ई-भूलेख, खतौनी की ऑनलाइन प्रमाणित प्रति, ऑनलाइन विरासत दर्ज कराने, भू-नक्शा, भू-कय, भू-उपयोग परिवर्तन एवं ई-एग्रीलोन आदि सेवाओं से संबंधित जानकारी शामिल रही। इसके माध्यम से ग्रामीणों को डिजिटल भू-अभिलेख सेवाओं के उपयोग की प्रक्रिया एवं उनके लाभों से अवगत कराया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ‘रिफॉर्म उत्सव एवं जन योजना अभियान’ के माध्यम से ग्राम स्तर पर शासन की योजनाओं, सार्वजनिक सेवाओं एवं डिजिटल सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही ग्रामीणों को आधुनिक एवं ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए सरकारी सेवाओं का अधिक सुगम एवं पारदर्शी लाभ सुनिश्चित करना है।
