“The doors of Badrinath Dham opened amidst chanting of Vedic mantras, 15,000 devotees visited.”
वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच उत्तराखंड के पवित्र धाम बद्रीनाथ धाम के कपाट आज सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम आस्था, भक्ति और उल्लास से गूंज उठा।
कपाट उद्घाटन के इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पद्म श्री प्रसिद्ध जागर गायिका बसंती बिष्ट के परम्परागत जागर व प्रसिद्ध ढोल वादक हरीश भारती के शानदार ढोल दमाऊ व भंकोरे के गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया।
वही इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर विधिवत पूजा-अर्चना भी की।
उन्होंने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ यात्रा में सहयोग करने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कपाट खुलने के साथ ही बद्रीनाथ धाम में आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ झुमैलो नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
वहीं विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।वही बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमेन्त द्विवेदी ने भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने पर खुशी जताई,और अधिक से अधिक संख्या में बद्रीनाथ व केदारनाथ धाम पंहुचने की अपील की है।
कपाट उद्घाटन के अवसर पर टिहरी राज परिवार के प्रतिनिधि राजबंसी ठाकुर भवानी प्रताप सिंह भी मैजूद रहे। ठाकुर भवानी प्रताप सिंह का कहना है कि भगवान बद्रीनाथ विशाल के तेल कलश को पिरोनी की परमपरा टिहरी राजपरिवार सदियो से करता आ रहा है इस परम्परा को हम निरंतर आगे बढा रहे है।
ठाकुर भवानी सिंह राजबंशी टिहरी दरबार।
भू बैकुण्ठ धाम बद्रीनाथ के कपाट खुलने के अवसर पर देश के कोने कोने से श्रद्धालुओ को तांता लग रहा है। भक्तो का कहना है कि यहां आकर स्वर्ग जैसी अनुभूति हो रही है ।सभी व्यवस्थाऐ चाक चौबंद है।
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ बद्रीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और व्यवस्थाओं का भव्य संगम देखने को मिल रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य और यादगार अनुभव बन रहा है।
