गढ़वाल भ्रातृ मंडल की सराहनीय पहल, निःशुल्क चिकित्सा शिविर में लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था ने लगाया निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य परामर्श

देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था (पंजीकृत), क्लेमेनटाउन देहरादून की ओर से ग्राफिक एरा अस्पताल के सहयोग से गढ़ भवन, वेल रोड क्लेमेनटाउन में निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क परामर्श एवं प्राथमिक उपचार का लाभ उठाया।

शिविर में जनरल फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक), ईएनटी विशेषज्ञ तथा नेत्र रोग विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। जनरल फिजिशियन द्वारा बुखार, सर्दी-जुकाम, रक्तचाप, मधुमेह, गैस, एसिडिटी, जोड़ों के दर्द सहित सामान्य बीमारियों की जांच की गई। वहीं ऑर्थो विशेषज्ञ ने हड्डियों, मांसपेशियों, गठिया, रीढ़ की हड्डी, कमर दर्द एवं चोट-मोच से संबंधित समस्याओं पर परामर्श दिया।

इसके अलावा ईएनटी विशेषज्ञों ने कान, नाक एवं गले से जुड़ी समस्याओं की जांच की, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञों ने आंखों की जांच, दृष्टि परीक्षण एवं मोतियाबिंद से संबंधित परामर्श दिया।

शिविर में ग्राफिक एरा अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. राजेंद्र बेनीवाल, ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. नितेश, डॉ. सुरुचि एवं डॉ. दीक्षा ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं वर्तमान पार्षद दीपक नेगी, मेला अधिकारी दुर्गा प्रसाद बड़ूनी, संरक्षक रघुनंदन सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, ओम प्रकाश बहुगुणा, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, रणजीत सिंह कैंतुरा, विश्व भास्कर मैंदोला, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह रावत, वाचस्पति विडालिया, जितेंद्र खंतवाल, कैप्टन राजपाल सिंह नेगी, आरएस पुंडीर, रमेश चमोली एवं विलोचन बर्थवाल सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

संस्था की इस पहल से क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हुईं।