विदेशी सैलानियों से गुलजार विश्व धरोहर फूलों की घाटी, अब तक 22 हजार रिकॉर्ड सैलानी पहुंचे।
यूनेस्को विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान का दीदार करने के लिए इन दिनों देशी-विदेशी पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ रही है। अगस्त माह के पीक सीजन में घाटी रंग-बिरंगे अल्पाइन पुष्पों की खुशबू और देश-विदेश से पहुंचे प्रकृति प्रेमियों से गुलजार है। यूरोपीय देशों के साथ ही जापान, थाईलैंड और कोरिया के पर्यटक भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
फूलों की घाटी में इन दिनों रिवर व्यू प्वाइंट तक गुलाबी हिमालयी बालसम और विभिन्न पुष्पों की बड़ी-बड़ी क्यारियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं नीले कैंपान्यूला, जिरेनियम, पीले कॉरिडेल्स और साइलिन ऑर्किड जैसे दुर्लभ पुष्पों की खूबसूरती पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रही है।
अगर पर्यटकों की आमद की बात करें तो इस वर्ष फूलों की घाटी में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ के उप वन संरक्षक यश ढोबले ने बताया कि एक जून को पर्यटकों के लिए खुली घाटी में अब तक करीब 22 हजार सैलानी पहुंच चुके हैं, जो वर्ष 2025 की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक हैं। खास बात यह है कि पर्यटकों के लिए घाटी 31 अक्टूबर तक खुली रहेगी, ऐसे में संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
बाइट: यश ढोबले, डीएफओ, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ
