कर्णप्रयाग की ऐतिहासिक पीडब्ल्यूडी मैगजीन में पहली बार मनेगा स्वतंत्रता दिवस

Karnaprayag’s historic PWD magazine to celebrate Independence Day for the first time

देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने पर भी कई ऐसे आजादी के गुमनाम नायक रहे हैं, जिनका देश की आजादी में बहुत बड़ा योगदान रहा है। इन्हीं में से एक कर्णप्रयाग कांड के पुरोधा क्रांतिकारी गढ़वाल कप्तान राम प्रसाद नौटियाल रहे हैं। उन्होंने लखनऊ के काकोरी कांड की तर्ज पर 15 वर्ष बाद 27 अगस्त 1942 को गढ़वाल में स्थित लैंसडाउन छावनी पर कब्जा करने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत कर्णप्रयाग स्थित पीडब्ल्यूडी मैगजीन से कारतूस लूटने का कार्यक्रम बनाया गया था, जिसमें करीब 200 क्रांतिकारियों की टीम शामिल थी।

वहीं, इस वर्ष आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर कर्णप्रयाग तहसील में स्थित स्वतंत्रता संग्राम स्थल पीडब्ल्यूडी मैगजीन में स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाए जाने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में कर्णप्रयाग तहसील के सभागार में उप जिलाधिकारी अलकेश नोडियाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, पुलिस, वन विभाग, नगर पंचायत, शिक्षा विभाग और कर्णप्रयाग कांड स्वतंत्रता संग्राम स्मृति समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में मौजूद उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल का कहना है कि जिलाधिकारी चमोली के निर्देशानुसार बैठक का आयोजन किया गया है। 15 अगस्त को कर्णप्रयाग मैगजीन स्थल पर ध्वजारोहण किया जाएगा और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा।

अलकेश नोडियाल, उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग।

वहीं, कर्णप्रयाग कांड स्वतंत्रता संग्राम स्मृति समिति के अध्यक्ष सुभाष गैरोला का कहना है कि काकोरी कांड के समतुल्य ऐतिहासिक स्थल पीडब्ल्यूडी मैगजीन स्थल पर पहली बार स्वतंत्रता दिवस मनाने का फैसला प्रशासन और समिति द्वारा लिया गया है, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसमें संबंधित सभी विभागों से सहयोग मिल रहा है।