Shaheed Mohan Uttarakhandi Memorial Mela inaugurated in Benital
कर्णप्रयाग। विकासखंड कर्णप्रयाग के खूबसूरत पर्यटक स्थल बेनीताल में शहीद बाबा मोहन उत्तराखंडी की स्मृति में आयोजित वार्षिक मेले का रंगारंग शुभारंभ कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने किया। शहीद स्मृति मेला समिति बेनीताल के तत्वावधान में वर्ष 2005 से लगातार इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के माध्यम से गैरसैंण को उत्तराखंड की राजधानी बनाने की मांग को लेकर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जननायक बाबा मोहन उत्तराखंडी की शहादत को याद किया जाता है।
मेले के दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलन के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। मेले में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी प्रतिभाग किया। आयोजकों ने कहा कि शहीद मोहन उत्तराखंडी की स्मृति में आयोजित यह मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति और राज्य आंदोलन की स्मृतियों को संजोने के साथ ही बेनीताल में पर्यटन को बढ़ावा देने का काम कर रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं भी विकसित हो रही हैं।
इस मौके पर विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि भाजपा सरकार उत्तराखंड राज्य के निर्माण से लेकर इसके विकास और संवारने तक लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है।
मेला समिति के सचिव बीरेन्द्र सिंह मिंगवाल ने कहा कि बाबा मोहन उत्तराखंडी की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से वर्ष 2005 से लगातार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से बेनीताल क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिल रहा है।
राज्य आंदोलनकारी हरिकृष्ण भट्ट ने कहा कि बाबा मोहन उत्तराखंडी ने उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण के लिए अपना बलिदान दिया। उनकी शहादत की याद में आयोजित यह मेला क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है।
