Teachers protest demanding the abolition of the TET requirement and the restoration of the old pension scheme.
पोखरी। टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल कर नई पेंशन योजना (एनपीएस) को समाप्त किए जाने की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षक संगठन पोखरी ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं प्राथमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा ने किया। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जा रहा है। शिक्षकों ने मांग की कि आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए तथा पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल किया जाए। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में महामंत्री विजय प्रसाद सिमल्टी, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह नेगी, डॉ. बृजेंद्र कठैत, देवेंद्र कठैत, बीना वशिष्ठ, जीत सिंह बुटोला, दिनेश चौहान, दुर्गा प्रसाद पुरोहित, अनूप नेगी, गिरीश सती, विनोद जोशी, अवतार सिंह नेगी, बलवीर राणा, शंकर नेगी, भरत नेगी, दिनेश रडवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
