Fire breaks out at Paani Government Primary School in Pokhari Block, major accident averted
चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में आज अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। आग लगने से विद्यालय में रखे कम्प्यूटर, फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक सामग्री को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी छात्र या विद्यालय स्टाफ को कोई चोट नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार विकासखंड पोखरी के ग्राम पैणी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विद्यालय परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण कक्षा कक्ष में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते वहां रखे कम्प्यूटर, मेज-कुर्सियां और अन्य फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस आगजनी की घटना में विद्यालय की संपत्ति को क्षति पहुंची है, जिससे पठन-पाठन व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल विद्यालय प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्राम प्रधान पैणी सतीश सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना संबंधित विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सामग्री की भरपाई कर विद्यालय में शैक्षणिक कार्य सुचारू रूप से शुरू कराया जाए।
प्रशासन से भी मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
