“Educational tour of students of Junior High School Bainoli, studied many places including Baijnath Dham”
चमली[बैनोली]:
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को किताबों तक सीमित न रखते हुए उन्हें वास्तविक और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से जूनियर हाईस्कूल बैनोली द्वारा एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

जूनियर हाईस्कूल बैनोली के 40 छात्र-छात्राओं ने प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल बैजनाथ धाम का शैक्षिक भ्रमण किया। यह स्थल विश्व धरोहर के रूप में संरक्षित होने के साथ-साथ अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गरुड़ नगर का भी अवलोकन किया, जहां उन्होंने स्थानीय जीवनशैली और बाजार व्यवस्था को समझा। इसके साथ ही छात्रों ने तलवाड़ी स्थित मत्स्य केंद्र का निरीक्षण कर मछली पालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं को ग्वालदम, थराली और नारायणबगड़ जैसे प्रमुख बाजारों को देखने का भी अवसर मिला, जिससे उन्हें क्षेत्रीय व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक परिवेश की समझ विकसित हुई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों का बौद्धिक एवं व्यावहारिक विकास होता है और वे अपने आसपास की सांस्कृतिक एवं भौगोलिक विविधताओं को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।
इस अवसर पर टीम प्रभारी भगवती प्रसाद गैरोला, सहायक अध्यापक विकास कोठियाल एवं अभिभावकगण भी मौजूद रहे।
