पोखरी में कांग्रेस का संगठन विस्तार, अधिवेशन में नए सदस्यों का स्वागत

Congress organization expansion in Pokhari, welcome of new members in the convention

 

चमोली (पोखरी): 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारियां, पोखरी में ब्लॉक अधिवेशन आयोजित

चमोली जनपद के पोखरी में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और सदस्यों को जागरूक करने के उद्देश्य से कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के पोखरी में विधायक लखपत बुटोला के सानिध्य में कांग्रेस कमेटी का ब्लॉक अधिवेशन एवं सेक्टर प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों तथा न्याय पंचायत प्रभारियों का सम्मान समारोह ब्लॉक सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला, जिसमें 500 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस दौरान ब्लॉक महिला कांग्रेस संगठन का गठन कर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वहीं कार्यक्रम में 103 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिनका विधायक लखपत बुटोला ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिमरी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कुंवर सिंह चौधरी, महिला जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उषा रावत, एसटी जिला कांग्रेस अध्यक्ष सूरज सैलानी, यूथ विधानसभा प्रभारी मयंक नेगी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता इन्द्र प्रकाश रड़वाल, पूर्व प्रधान संगठन अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा, रविन्द्र नेगी, ब्लॉक प्रमुख राजी देवी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्रवण सती ने किया।