वल्ली खन्नी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न

Annual function concluded with great pomp in the Upper Primary School of Valli Khanni.

 

उच्च प्राथमिक विद्यालय वल्ली खन्नी में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन

विकासखण्ड पोखरी में उच्च प्राथमिक विद्यालय वल्ली खन्नी में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा एवं विशिष्ट अतिथि कुलदीप राणा आजाद द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
मुख्य अतिथि वीरेंद्र राणा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी विद्यालयों में सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र जीवन में बेहतर मुकाम हासिल कर रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि कुलदीप राणा आजाद ने कहा कि वार्षिकोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि पूरे वर्ष की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का मूल्यांकन करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश थपलियाल ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचारों की जानकारी दी।


कार्यक्रम में वल्ली के प्रधान देव लाल, खन्नी की प्रधान लता देवी, जूनियर शिक्षक ब्लॉक अध्यक्ष उपेंद्र सती, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, प्राथमिक विद्यालय खन्नी की प्रधानाध्यापिका सुनीता थपलियाल, शिक्षक ताजबर राणा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य कुंवर सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।