गौचर मेले में जीवंत हुई वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की शौर्य गाथा

 

भानु प्रकाश नेगी लोकेशन – गौचर, चमोली

प्रदेश के प्रसिद्ध मेलों में शुमार 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की सांस्कृतिक संध्या में पहली बार वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। पर्वतीय नाट्य मंच की ओर से आयोजित इस नृत्य नाटिका में 41 कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत कर दिया। अपने पुत्र का बलिदान देकर पानी की घूल (नहर) का निर्माण कराने की ऐतिहासिक कथा के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

अभिनेता एवं निर्देशक बलदेव राणा के निर्देशन और सानिध्य में आयोजित इस नृत्य नाटिका में कलाकारों ने अपने अभिनय, नृत्य और संगीत के माध्यम से उत्तराखंड की गौरवशाली वीरगाथा को मंच पर उतारा। नृत्य नाटिका के दौरान कई ऐसे भावुक दृश्य आए, जिन्होंने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पंडाल में मौजूद सैकड़ों दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

बलदेव राणा, अभिनेता एवं निर्देशक

यह नृत्य नाटिका सिर्फ एक नाटक नहीं, बल्कि एक जीवंत कहानी है। हमारी नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और पूर्वजों के शौर्य एवं बलिदान से परिचित कराने का यह एक प्रयास है। ऐसी गौरवशाली गाथाओं को हमें हमेशा संजोकर रखना चाहिए।

नृत्य नाटिका में वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की माता की भूमिका निभा रहीं प्रसिद्ध अभिनेत्री सुमन गौड़ ने भी इस प्रस्तुति को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि माधो सिंह भंडारी की यह गाथा हमारे इतिहास और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सुमन गौड़, अभिनेत्री

यह कोई दंतकथा नहीं, बल्कि एक जीवंत कहानी है। वीर भड़ माधो सिंह भंडारी का त्याग और बलिदान हमारी नई पीढ़ी को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। इस तरह की प्रस्तुतियों से युवा पीढ़ी अपने इतिहास और संस्कृति को जान सकेगी।

कार्यक्रम में मौजूद जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने भी नृत्य नाटिका की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड की वीरता और बलिदान की परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

लक्ष्मण खत्री, जिला पंचायत उपाध्यक्ष

यह एक जीवंत गाथा है, जो हमारी नई पीढ़ी को उत्तराखंड के शौर्य, साहस और बलिदान की परंपरा से परिचित कराती है। इस तरह के आयोजन हमारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गौचर मेले की सांस्कृतिक संध्या में वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की शौर्य गाथा का यह मंचन दर्शकों के लिए यादगार बन गया। 41 कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति ने न केवल इतिहास को जीवंत किया, बल्कि उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया।

भानु प्रकाश नेगी, दूरदर्शन समाचार, गौचर।