कर्णप्रयाग (चमोली)। विकासखंड कर्णप्रयाग के सिमली गांव में स्वर्गीय महावीर सिंह नेगी एवं उनके माता-पिता की पुण्य स्मृति में 22 अक्टूबर 2026 से श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन भूमि के भूमियाल देवता सहित समस्त ग्राम देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद पितृ तर्पण, पूजन और श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया।
कथा में व्यास नीलकंठ खाली ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन किया। इस दौरान आचार्य गणेश चंद्र खंडूड़ी एवं दिवस्पति खंडूड़ी ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहयोग किया। संगीत के माध्यम से मोहित सती और शुभम डंगवाल ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, ध्वनि व्यवस्था की जिम्मेदारी महेंद्र सिंह मिंगवाल, विनोद मिंगवाल एवं दीपक भारद्वाज ने संभाली। पाकशाला में गोकुल सिंह राणा और दिनेश सेमवाल ने सहयोग किया।
प्रथम दिवस कथा, पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन के साथ धार्मिक माहौल भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। नेगी परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कमला देवी, नरेंद्र सिंह नेगी, जयबीर सिंह पंवार, ईश्वर सिंह राणा, पुष्कर सिंह नेगी, बलबीर सिंह राणा, नरेंद्र सिंह लडोला, लबु रावत, रोहित नेगी, शरद सिंह नेगी, भरत सिंह नेगी, प्रकाश सिंह नेगी, बलबीर सिंह लडोला, कुलदीप, दर्शन पुंडीर सहित समस्त ग्रामवासी और महिला मंगल दल सिमली मौजूद रहे।
