पोखरी के नेल-सिदेली में भालू का हमला, एक महिला की मौत; दूसरी गंभीर घायल

चमोली के पोखरी विकासखंड के ग्राम नेल-सिदेली में शुक्रवार सुबह भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। घटना में 55 वर्षीय विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 42 वर्षीय लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे भालू ने दोनों महिलाओं पर हमला किया। हमले के दौरान एक महिला चट्टान से नीचे गिर गई। घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी और वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम घायल महिला के साथ श्रीनगर गई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।