कुरूड़ में लोकजात 2026 के आयोजन पर लगी अंतिम मुहर, लाटूधाम में गौड़ पुजारियों का हुआ स्वागत

कुरूड़ में लोकजात 2026 के आयोजन पर लगी अंतिम मुहर, लाटूधाम में हुआ स्वागत

बधाण की राज राजेश्वरी नंदा देवी की श्री नन्दा देवी लोकजात 2026 के आयोजन को लेकर कुरूड़ में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के बाद लाटूधाम वाण में गौड़ पुजारियों का पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया गया। सिद्धपीठ कुरूड़ में देवराड़ा से जारी श्री नन्दा देवी लोकजात 2026 के दिन पट्टा पर निर्णय को अंतिम रूप देते हुए मुहर लगाई गई।

लाटूधाम मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा सिंह बिष्ट ने बताया कि बधाण के 14 सयानों, विभिन्न पड़ावों एवं मंदिर समितियों के अध्यक्षों, हकूकधारियों और नन्दा भक्तों की सहमति से देवराड़ा, कुलसारी, वाण-मुंदोली और देवाल में हुई बैठकों के बाद सिद्धपीठ कुरूड़ में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि पुजारियों की सहमति से लोकजात 2026 के आयोजन के संबंध में दिन पट्टा पर अंतिम निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से नन्दा देवी की सदियों पुरानी परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण को मजबूती मिली है। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगामी श्री नन्दा देवी लोकजात 2026 को परंपरानुसार भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां अभी से शुरू करने की बात कही गई।