THDC मजदूरों ने किया हंगामा, आपदा प्रबंधन मंत्री का घेराव; मृतकों के परिजनों को एक करोड़ मुआवजे की मांग

 

 

पीपलकोटी स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान THDC के मजदूरों और कर्मचारियों ने मंत्री का घेराव कर मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग की।

मजदूरों ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों को कंपनी की ओर से एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही मृतक श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार या कंपनी प्रबंधन द्वारा उठाया जाए, ताकि हादसे के बाद उनके परिवारों के सामने भविष्य को लेकर आर्थिक संकट खड़ा न हो।

मजदूरों का कहना था कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये और कंपनी की ओर से पांच लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की गई है, लेकिन यह राशि परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पर्याप्त नहीं है। उनका कहना था कि महज कुछ लाख रुपये की सहायता से मृतक श्रमिकों के परिवार का लंबे समय तक पालन-पोषण और बच्चों की शिक्षा संभव नहीं है।

गौरतलब है कि गुरुवार शाम THDC की निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी आने से बड़ा हादसा हुआ था। हादसे के बाद से लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अब तक आठ श्रमिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मजदूरों की मांग पर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि इस संबंध में केंद्र सरकार और राज्य सरकार से वार्ता की जाएगी। साथ ही कंपनी प्रबंधन से भी बात कर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि हादसे में प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।