जल जीवन मिशन की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, थर्ड पार्टी निरीक्षण में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर

District Magistrate reviews progress of Jal Jeevan Mission, emphasizes on quality and transparency in third party inspection

जल जीवन मिशन की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा।

थर्ड पार्टी निरीक्षण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश।

गौचर और कर्णप्रयाग में फीकल स्लज ट्रीटमेंट परियोजना की समीक्षा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की प्रगति एवं विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, हर घर जल अभियान, तृतीय पक्ष निरीक्षण तथा फीकल स्लज ट्रीटमेंट परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 76,716 फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। जनपद में संचालित 1,241 पेयजल योजनाओं में से 1,145 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं हर घर जल अभियान के अंतर्गत 1,113 गांवों में से 757 गांवों को प्रमाणित किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने सभी पूर्ण परियोजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।

बैठक में गौचर एवं कर्णप्रयाग के लिए प्रस्तावित लगभग 10 करोड़ रुपये लागत की फीकल स्लज ट्रीटमेंट फैसिलिटी परियोजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित संयंत्र की क्षमता 18 केएलडी होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परियोजना तैयार करते समय भविष्य की आवश्यकताओं एवं जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं को समाहित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र के सभी घरों की जीआईएस आधारित हाउस टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंताओं एवं अन्य सभी स्टेकहोल्डर्स से सुझाव लेकर परियोजना को अधिक प्रभावी एवं व्यवहारिक बनाने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जल संस्थान, पेयजल निगम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।