कारगिल विजय दिवस पर गूंजा शौर्य का सम्मान, पूर्व सैनिकों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Kargil Vijay Diwas celebrated, veterans pay tribute to martyrs

 

कारगिल विजय दिवस पर रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन ने शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

गौचर (चमोली)

कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में शनिवार को रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन, गौचर (चमोली) द्वारा कारगिल विजय दिवस पूरे उत्साह, गौरव और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष वीरपाल सिंह नेगी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का दिन है। वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुर्गम परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर तिरंगे का मान बढ़ाया था। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और नई पीढ़ी को उनके त्याग एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए।

समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। हरेला पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में कैप्टन प्रेमपाल, सूबेदार शिशुपाल सिंह सगोई, नायब सूबेदार देवेंद्र पंवार, कैप्टन राजेंद्र सिंह राणा, कैप्टन सुरेंद्र सिंह कनवासी, मातवर सिंह कनवासी, सूबेदार जीत सिंह, दिलवर सिंह, सूबेदार ओमप्रकाश, भरत सिंह नेगी, बृजमोहन सिंह, दर्शन सिंह, महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह बिष्ट, जगदीश प्रसाद, रमेश चंद्र डिमरी, नायब सूबेदार कमल सिंह, प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में गौरव सैनिक एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।