हरेला महोत्सव पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत सिमली-जखोली सिमार में हुआ वृक्षारोपण

Tree plantation done at Simli-Jakholi Simar as part of Seva Pakhwada programme on Harela Mahotsav

 

नारायणबगड़/चमोली।
चमोली जनपद के न्याय पंचायत नारायणबगड़ अंतर्गत सिमली-जखोली सिमार में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत हरेला महोत्सव बड़े उत्साह और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बद्रीनाथ वन प्रभाग की पश्चिमी पिंडर रेंज, नारायणबगड़ के तत्वावधान में व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में थराली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूपाल राम टम्टा, नारायणबगड़ के ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, उपजिलाधिकारी थराली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक-एक पौधा रोपित किया और उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संस्कृति और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।

वन क्षेत्राधिकारी, बद्रीनाथ वन प्रभाग पश्चिमी पिंडर रेंज प्रदीप गौड़ ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल की जाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से हरेला महोत्सव के अवसर पर अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरेला महोत्सव को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।