Landslide in Deval turns footpath into a hazard; villagers plead for a solution.
देवाल (चमोली)। विकासखंड देवाल की ग्राम पंचायत ओडर के अंतर्गत एरेठा बाउल्य तोक से देवशाली झूला पुल होते हुए एरेठा गांव को जोड़ने वाला पैदल मार्ग लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण बेहद जोखिम भरा हो गया है। पहाड़ी से लगातार भारी बोल्डर और मलबा गिरने से ग्रामीणों की आवाजाही खतरे में पड़ गई है।

ग्राम प्रधान प्रेमा देवी ने बताया कि यह मार्ग एरेठा गांव के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। भूस्खलन के चलते हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।

उन्होंने बताया कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्राम पंचायत की ओर से शासन और जिला प्रशासन से तत्काल भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा कार्य, मलबा हटाने तथा पैदल मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए इस समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
