“Chamoli police on alert after Delhi fire, fire safety checks intensified in Pokhari”.
हाल ही में दिल्ली के एक होटल में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना के बाद चमोली पुलिस जनसुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशों पर जनपदभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पोखरी पुलिस द्वारा थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, होमस्टे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी निरीक्षण अभियान चलाया गया।

पोखरी पुलिस द्वारा निरीक्षण के दौरान प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता, उनकी वैधता, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों में कमी पाई गई, उन्हें तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में आज पोखरी बाजार और कनकचौरी क्षेत्र स्थित होटलों एवं ढाबों का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने अग्निशमन उपकरणों की जांच करने के साथ-साथ संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके भी बताए।
पुलिस द्वारा कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों के उपयोग, सुरक्षित निकासी, आपदा प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही होटल और ढाबों में रेत, बजरी और पानी जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पोखरी पुलिस ने बताया कि यह अभियान केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों, कर्मचारियों और आमजन को फायर सेफ्टी के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।
पोखरी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष फायर सेफ्टी अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में उप निरीक्षक प्रशांत बिष्ट, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उप निरीक्षक दलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार सिंह, आरक्षी भरत सिंह टोलिया एवं महिला होमगार्ड ममता सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
