पुलिस अधीक्षक चमोली का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

Superintendent of Police Chamoli conducts annual inspection, gives instructions to improve arrangements

 

पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा किया गया पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में समस्त शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों एवं पत्रावलियों का गहनता से अवलोकन करते हुए पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें शीघ्र अध्यावधिक किए जाने हेतु निर्देशित किया गया, साथ ही अभिलेखों के समुचित संधारण, समयबद्ध अद्यतन एवं कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु निम्न दिशा-निर्देश दिए गए-

प्रधान लिपिक शाखा में सर्वप्रथम पत्रावलियों एवं रजिस्टरों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत चरित्र पंजिकाओं में दण्ड, पदोन्नति एवं पुरस्कार से संबंधित प्रविष्टियों का अवलोकन करते हुए HRMS प्रणाली के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से समयबद्ध रूप से अध्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए। लम्बित प्रारम्भिक जांचों एवं दण्ड संबंधी प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण तथा भवन निर्माण से संबंधित लंबित प्रस्तावों के संबंध में पुलिस मुख्यालय से आवश्यक पत्राचार शीघ्र किए जाने हेतु शाखा प्रभारी को निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति एवं अन्य प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रिकार्ड रूम का निरीक्षण करते हुए पत्रावलियों एवं रजिस्टरों के सुव्यवस्थित संधारण, स्वच्छता बनाए रखने व वहाँ उपलब्ध ज्ञानवर्धक पुस्तकों के समुचित रख-रखाव के साथ ही कार्यालय में अनावश्यक एवं अनुपयोगी दस्तावेजों/फाइलों को नियमानुसार वीड-आउट करने के निर्देश दिए गए।

आंकिक शाखा के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के लंबित टीए/डीए, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, एरियर तथा निर्माण कार्यों से संबंधित बिलों के समस्त देयकों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। वित्तीय अभिलेखों एवं व्यय विवरणों का अवलोकन करते हुए अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए साथ ही बिलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो, इसके लिए प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाए रखने पर तथा लंबित देयकों का पृथक रजिस्टर बनाकर कर नियमित समीक्षा करने हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस, समन सेल, सूचना प्रकोष्ठ, वर्चुअल थाना, साइबर सेल, डीसीआरबी एवं नैफिस से संबंधित अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण करते हुए समस्त अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी शाखाओं में उपलब्ध कंप्यूटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यशीलता की जानकारी लेते हुए जो उपकरण खराब अवस्था में पाए गए उन्हें तत्काल बदलवाने व जिन उपकरणों की आवश्यकता है, उनके संबंध में प्रस्ताव तत्काल प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही शाखाओं में प्रयुक्त अलमारियाँ एवं अन्य सामग्री जो जीर्ण-शीर्ण अथवा अनुपयोगी अवस्था में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश दिए गए।